पुलिस को मिली यूपी 112 की 15 नई गाड़ियां
- फोटो : पुलिस
बदायूं जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा यूपी 112 को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस लाइन परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने मुख्यालय से प्राप्त यूपी 112 की 15 नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसएसपी ने बताया कि ये सभी नई गाड़ियां उन पुरानी गाड़ियों के स्थान पर उपलब्ध कराई गई हैं, जो तकनीकी रूप से कंडम श्रेणी में आ चुकी थी और जिनका उपयोग अब संभव नहीं था। नए गाड़ियां के शामिल होने से जनपद की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी और पुलिस का रेस्पॉन्स टाइम और अधिक प्रभावी होगा।
घटनास्थल पर तुरंत पहुंचेगी पुलिस
एसएसपी ने कहा कि यूपी 112 सेवा आमजन की सुरक्षा से सीधे जुड़ी हुई है। नई गाड़ियों के संचालन से घटनास्थल पर पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात स्थितियों में लोगों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये गाड़ियां पुलिसकर्मियों के कार्य को भी आसान बनाएंगे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी उझानी डॉ. देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात कर्मवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।