मूसाझाग। नगर पंचायत गुलड़िया में संदिग्ध बुखार फिर से पैर पसारने लगा है। बुखार से तीन सगे भाइयों की हालत बिगड़ने पर परिवार वालों ने इनको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां भी हालत ज्यादा गंभीर होने पर एक भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगर पंचायत में कई अन्य लोग भी बुखार की चपेट में हैं।
नगर पंचायत गुलड़िया निवासी कल्यान सिंह के बेटे हर्षित पटेल (16), अभय पटेल (12) और नौ वर्षीय साकेत पटेल को चार-पांच दिन पहले बुखार आया था। पहले तो परिवार वाले नगर पंचायत में ही इलाज कराते रहे। फायदा न होने पर दातागंज क्रॉसिंग के पास स्थित एक निजी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। यहां अभय और साकेत की हालत में तो सुधार हो गया लेकिन हर्षित की हालत और भी बिगड़ गई। इसके बाद परिवार वालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिवार वालों का कहना है कि निजी लैब में जांच कराने पर तीनों को प्लेटलेट्स कम बताई गई हैं। नगर पंचायत में कई अन्य लोग भी बुखार की चपेट में हैं। पिछले महीने भी यहां बुखार का प्रकोप रहा था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्थ कैंप का आयोजन करने पर नगर पंचायत में काफी संख्या में मलेरिया और फैल्सीपेरम मलेरिया के रोगी मिले थे।