बदायूं। जिले में खाद की किल्लत की वजह से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही उन्हें केंद्रों पर लाइन लगाकर खड़े होना पड़ रहा है। ऐसे में जिन प्राइवेट दुकानदारों के पास खाद उपलब्ध है, वह मनमाने दामों पर वितरण कर रहे हैं। शनिवार को शहर के इफको केंद्र पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। ऐसे में केंद्र प्रभारी को मजबूरन वहां पर पुलिस तैनात करानी पड़ी, इसके बाद खाद बंटना शुरू हुई।
धान की फसल के लिए खाद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, लेकिन विभाग इस कमी को पूरा नहीं कर पा रहा है। मौजूदा समय में साधन सहकारी समितियों व निजी दुकानदारों के लिए 72 हजार मीट्रिक टन यूरिया मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अभी तक साधन सहकारी समितियों पर मात्र 11 हजार मीट्रिक टन और निजी दुकानों पर 18 मीट्रिक टन यूरिया पहुंची है। ऐसे में सहकारी समितियों पर मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध नहीं होने पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को मंडी समिति स्थित इफको केंद्र पर किसानों ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। ऐसे में केंद्र प्रभारी ने पुलिस को बुलानी पड़ी। उसके बाद भी किसानों का आक्रोश कम नहीं हुआ।
किसानों को नहीं मिल रही खाद, दर-दर भटक रहे
अलापुर। बाजरा व धान की फसल के लिए जरूरत के हिसाब से क्षेत्र के किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। ऐसे में किसान अब यूरिया पाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। इसका फायदा प्राइवेट दुकानदार उठा रहे हैं। उनकी ओर से खाद को पहले ही महंगे दामों पर बेचा जा रहा है, साथ ही एक जिंक का पैकेट भी दिया जा रहा है, उसके बिना खाद नहीं दी जाएगी। -------
पुलिस ने अपने सामने बंटवाई खाद
उसावां। कस्बे के गूराबरैला तिराहे के पास मुरादाबाद फरुर्खाबाद हाईवे पर इफको का सेंटर है। शनिवार को साढ़े तीन बजे के करीब एक ट्रक यूरिया लेकर आया। कुछ ही देर में किसानों की वहां पर लंबी लाइन लग गई। जल्दी खाद लेने के चक्कर में किसानों ने ट्रक घेरकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे। ऐसे में ट्रक से यूरिया के कट्टे उतरने में परेशानी हो रही थी। मजबूरन इफको सेंटर इंचार्ज श्रीराम ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को बमुश्किल समझाया। तब जाकर ट्रक से यूरिया के कट्टे उतर सके।
सीओ ने केंद्र पर लगवाई किसानों की लाइन
बिसौली। क्षेत्र में खाद की किल्लत अभी भी दूर होने का नाम नहीं ले रही है। किसानों को खाद लेने के लिए इफ्को किसान सेवा केंद्रों किसानों की भीड़ लगना शुरू हो गई। किसानों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए एसडीएम किशोर गुप्ता और सीओ सर्वेंद्र सिंह ने शनिवार को इफको किसान सेवा केंद्र पर लाइन लगवाकर खाद वितरित कराई।
बोले किसान
जब किसानों को सबसे ज्यादा जिस चीज की जरूरत होती है, तब उस चीज की कमी होना शुरू हो जाती है। ये जान बूझकर किसानों के साथ किया जा रहा है, ताकि व्यापारियों को इसका फायदा मिल सके।
-खूबचंद्र
खाद की जरूरत है, ऐसे में किसानों को खाद ही नहीं मिल रही है, जो परेशानी का सबब बनी हुई है। किसान दर-दर फिर रहे है, लेकिन उसे कहीं भी राहत नहीं मिल रही। कोई अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा हैं।
-जयपाल सिंह
प्राइवेट दुकानदारों पर खाद मौजूद है, लेकिन वह ओवररेट पर बेच रहे हैं। मजबूरी है कि उनसे खाद ली जा रही है। क्योंकि अगर वहां से दूसरी जगह खाद लेने जाते है, तो वहां क्या गारंटी कि निर्धारित रेट पर मिले।
-छत्रपाल
कहीं भी चले जाएं, सरकारी केंद्रों पर खाद नहीं है। प्राइवेट दुकानदार खाद के साथ जिंक आदि बेच रहे है। अगर वह साथ में लो तो खाद दे रहे हैं, नहीं लेने पर खाद देने के लिए मना कर देते हैं।
-दिनेश कुमार
प्लांट को 30 हजार मीट्रिक टन की मांग भेजी गई है। अभी कुछ ही खाद जिले को मिल पायी है। इस वजह से किसानों को परेशानी हो रही है। जल्द ही खाद की और सप्लाई जिले को मिल जाएगी, जिससे किसानों की समस्या का समाधान हो जाएगा।
-विनोद कुमार, जिल कृषि अधिकारी