उझानी पुलिस की गिरफ्त में हरीओम। संवाद
उझानी। एनडीपीएस के मामले में करीब डेढ़ दशक से फरार हरिओम को पुलिस ने कासगंज से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने के डर से हरिओम बाबा बनकर एक आश्रम में रहने लगा था। इसके बाद भी वह बच नहीं पाया।
गिरफ्तार हरिओम सिंह कोतवाली क्षेत्र के गांव बुटला दौलत का निवासी है। दरोगा बलवीर सिंह ने बताया कि वर्ष- 2002 में हरिओम के खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज हुआ था। जमानत के बाद जब वह तारीख पर कोर्ट में पेश नहीं हुआ तो गिरफ्तारी के लिए डेढ़ दशक पहले वारंट जारी हो गया। हरिओम की गिरफ्तारी को जब भी गांव में गए, वह नहीं मिला। पुलिस ने उसकी नाते- रिश्तेदारियों में खोजबीन भी की थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए परिजनों पर दबाव बनाया। उसके बाद कासगंज जिले में सहावर थाना क्षेत्र के गांव मियासुर के आश्रम में होने की सूचना मिली। बुधवार सुबह करीब नौ बजे पुलिस ने हरिओम को दबोच लिया। उसने दाढ़ी बढ़ा ली है। बाबा के भेष में मिले हरिओम से कोतवाली में पूछताछ की गई। उसने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए बाबा बन गया था। उसे जेल भेज दिया गया है।