आसफपुर। फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव नहड़ौली में रविवार शाम खेत की जोताई करते समय ट्रैक्टर से गिरकर रोटावेटर में फंसने से सिकंदर (28) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
गांव नहड़ाैली निवासी किसान पप्पू ने बताया कि उनका बड़ा बेटा सिंकदर रविवार शाम करीब 5:30 बजे अपने ट्रैक्टर से ही खेत पर जोताई करने गया था। जोताई करते समय रोटावेटर में पेड़ की एक जड़ फंसने से झटका लगा, जिससे सिकंदर का ट्रैक्टर से नियंत्रण छूट गया। वह गिरकर पहिये के नीचे आ गया और रोटावेटर में फंस गया। सिकंदर के ऊपर से निकलते हुए खेत में खड़ी आलू की फसल को रौंदता हुआ ट्रैक्टर आगे बढ़ता रहा।
इसी दौरान सीकरी गांव की साप्ताहिक बाजार से लौट रहे लोगों ने बिना चालक के ट्रैक्टर को देखा तो उन्होंने करीब 200 मीटर आगे जाकर ट्रैक्टर को रुकवाया। तब तक सिकंदर की मौत हो चुकी थी।
सिकंदर तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी प्रीति (25), बेटी कुसुमलता (12) और छह वर्षीय बेटा अभिषेक हैं। बेटे की मौत से मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। सिकंदर की मौत से गांव के लोग उसके घर पर जमा हो गए। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
बाइक के पास खड़े किशोर को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, हालत गंभीर
उसावां। बाइक के पास खड़े किशोर को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी उसावां पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे थाना क्षेत्र के ग्राम बन बौसारी निवासी उदयवीर अपने बेटे हिमांशु (12) के साथ पटना देवकली स्थित शिव मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के बाद काली माता मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान हिमांशु बाइक के पास खड़ा था, तभी एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि हादसे में घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। संवाद