उसहैत। गांव मुगर्रा जरासी के तिराहे के पास मंगलवार सुबह एक किसान का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव की पहचान अहमदनगर बछौरा गांव निवासी राजाराम (45) पुत्र भूमिराज के रूप में हुई है। उसके पेट में गोली लगी मिली है। शरीर पर भी चोटों के निशान हैं। वारदात के पीछे दोनों के बीच मछली पकड़ने का विवाद सामने आ रहा है। पुलिस ने इस मामले में हिस्ट्रीशीटर अफसर उर्फ बौना उर्फ पहलवान निवासी ग्राम नौलीफतवाबा व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मृतक के भाई नन्हे ने बताया कि सोमवार की शाम करीब छह बजे भाई राजाराम खेत पर खाद उतारने आए थे। खाद उतारने के बाद वह गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के साथ बाइक पर कहीं चले गए। देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों कहना है कि दो दिन पहले गंगा नदी में मछली पकड़ने को लेकर हिस्ट्रीशीटर अफसर उर्फ बौना उर्फ पहलवान का किसान राजाराम से झगड़ा हुआ था। हालांकि, गांव वालों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन आरोपी हिस्ट्रीशीटर तभी से रंजिश मानने लगा। आशंका है कि इसी रंजिश में उसने राजाराम की गोली मारकर हत्या कर दी और शव गांव से पहले मुगर्रा जरासी तिराहे पर फेंक दिया।
भाई नन्हे ने बताया कि वह छह भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह खेती करके परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी 18 साल की है। तीन भाई व एक बहन छोटी है। राजाराम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना के बाद एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने सीओ उझानी देवेंद्र कुमार के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मृतक राजाराम व आरोपी हिस्ट्रीशीटर पर आठ से दस मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी गईं हैं।
कटरी क्षेत्र में था राजाराम का दबदबा
कटरी इलाके में राजाराम का दबदबा था। उसके सामने कोई नजर उठाकर भी नहीं देखता था। हत्या के बाद लोगों में तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं। उस पर थाना समेत अन्य थानों में भी सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी गांव से फरार
पुलिस ने गांव के ही आरोपी के घर दबिश दी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। बताया जा रहा है कि परिवार सहित गांव से वह भाग गया है। इससे पुलिस भी उसी को हत्यारोपी मान रही है।
घटन स्थल पर परिजनों से बात करते एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह। संवाद- फोटो : बुद्ध विहार में पूजन करते लद्दाख के अनुयायी।
घटन स्थल पर परिजनों से बात करते एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह। संवाद- फोटो : बुद्ध विहार में पूजन करते लद्दाख के अनुयायी।