कादरचौक। थाना कादरचौक क्षेत्र में फसल की रखवाली कर लौट रहा किसान किसी वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।
गांव इस्माइलपुर निवासी शशि कपूर (32) पुत्र ओमप्रकाश बुधवार शाम खेत पर छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली करने गए थे। रात में लगभग 11 बजे वह पैदल घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के पास ईंट-भट्ठे के पास पहुंचे तो किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। रात होने के चलते किसान काफी देर तक घायल अवस्था में पड़ा रहा।
राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
एंबुलेंस की चपेट में आकर किसान की मौत
- पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर एंबुलेंस कब्जे में ली
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव कृपिया में बृहस्पतिवार की दोपहर खेत से लौट रहे वृद्ध किसान की पशु चिकित्सालय की एंबुलेंस की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एंबुलेंस को घेर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
गांव कृपिया निवासी हसीनुद्दीन (65) पुत्र जफरुद्दीन का बेटा खेत पर फसल की सिंचाई कर रहा था। दोपहर में हसीनुद्दीन बेटे को चाय देने के लिए खेत पर पैदल ही गए थे। बताया जाता है कि वह चाय देने के बाद घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचे तो पशु चिकित्सालय की एंबुलेंस की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एंबुलेंस और चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
हसीनुद्दीन का फाइल फोटो।