विश्व मजदूर दिवस पर ब्लाक सालारपुर क्षेत्र के ग्राम अनुगइय्या, सल्लननगर के किसान मजूदरों के हक की लड़ाई को कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ओमकार सिंह की अगुवाई में जुलूस निकाला गया। डीएम को ज्ञापन देकर किसान-मजदूरों को बरसात में फसलों के हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। साथ ही एक लेखपाल पर फसलों के नुकसान के लिए किए गए सर्वे में पारदर्शिता नहीं बरते जाने का आरोप लगाया गया।
जुलूस से पूर्व पार्टी कार्यालय पर आयोजित बैठक में प्रांतीय महासचिव श्री सिंह ने कहा कि आज मजदूर दिवस है और किसान मजदूर जो कि अन्नदाता है वह अपने हक के लिए दर-दर मारा फिर रहा है। शासन द्वारा दी जा रही मुआवजा राशि ऊंट के मुंह में जीरा वाली कहावत को चरितार्थ कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों से मुआवजा दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी जा रही है, ऐसे सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। किसान-मजदूरों को उनका हक दिलाने को कांग्रेस आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेश गुप्ता ने कहा कि किसानों का शोषण करने वालों को मुंह तोड़ जबाव दिया जाएगा। जुलूस पार्टी कार्यालय से शुरू होकर लावेला, रोडवेज होता हुए कचहरी पहुंचा।
इस मौके पर रूम सिंह, रामचंद्र, वीरेंद्र, दुर्जन, सुरेश, लीला साहू,नत्थू, शमशेर, शंकर राम सिंह, पप्पू, हरमान सिंह,सोहनलाल, लाल सिंह, नेकसू, रामपाल, रमेश, थम्मन खां, सतपाल, रामप्रकाश, भूरे लाल, महेश, जयपाल, प्रकाश, भूरे खां आदि थे।
12 को हर ब्लाक पर होगा विरोध प्रदर्शन
बदायूं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष साजिद अली के अनुसार केंद्र की मोदी सरकार के भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पार्टी द्वारा 12 मई को हर ब्लाक पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की सफलता को तीन मई को पार्टी कार्यालय पर बैठक आहूत की गई है। इसमे सभी ब्लाक अध्यक्ष, नगराध्यक्ष, पीसीसी सदस्य, जिला पदाधिकारी आदि हिस्सा लेंगे।