दूसरे दिन भी नहीं पकड़ा जा सका आरोपी धीरपाल
परिवार वालों ने किया छत्रपाल का अंतिम संस्कार
बदायूं। रफतपुर मौरू सुमाली गांव के किसान छत्रपाल के शव के पोस्टमार्टम के दौरान स्टील का टुकड़ा उसके गले में फंसा निकला। पुलिस ने उसे सील कर सुबूत के तौर पर सुरक्षित रख लिया है तो वहीं आरोपी धीरपाल दूसरे दिन भी नहीं पकड़ा गया। पुलिस उसे तलाश कर रही है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रफतपुर मौरू सुमाली में 24 अक्तूबर की रात 50 वर्षीय किसान छत्रपाल की पटाखा छोड़ने के दौरान मौत हो गई थी। किसान अपने घर से खाना खाकर ट्यूबवेल पर जा रहा था। रास्ते में आरोपी धीरपाल स्टील का गिलास रखकर पटाखा छोड़ रहा था। पटाखा फटने से स्टील का गिलास भी टुकड़े-टुकड़े हो गया था। उसका एक टुकड़ा छत्रपाल के गले में घुस गया था। उसकी अलीगढ़ ले जाते वक्त मौत हो गई थी।
मंगलवार की दोपहर पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान किसान के गले में फंसा हुआ स्टील के गिलास का टुकड़ा मिला। पुलिस ने टुकड़ा सुबूत के तौर पर सुरक्षित कर लिया है। परिवार वालों ने मंगलवार रात किसान के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। अभी इसमें आरोपी नहीं पकड़ा गया है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि किसान की हादसे में मौत हुई है। आरोपी को तलाश कर रहे हैं।