दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुनिया रायपुर में शनिवार सुबह पांच बजे धान की पौध उखाड़ने गए किसान की खेत पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गांव कुनिया निवासी कृपाल (45) पुत्र टाकन शनिवार सुबह पांच बजे खेत पर जाने की बात कहकर निकले थे। उन्हें धान रोपाई के लिए खेत से पौध उखाड़नी थी। इस वजह से सुबह ही खेत पर चले गए थे। वह नौ बजे तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन किसान को देखने खेत पर पहुंचे। वहां पर किसान का शव पड़ा था। परिजनों ने उन्हें किसी जहरीले कीट के काटने की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। परिजनों की तहरीर पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। देर शाम तक रिपोर्ट नहीं मिलने पर किसान की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। किसान की मौत से पत्नी खिलौना बेसुध हो गई है। कृपाल के एक बेटी व पांच बेटे हैं। उनके सिर से पिता का साया उठ गया है। दातागंज कोतवाली गौरव विश्नोई ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।