यूसुफनगर गांव में विलाप करते किसान के परिवार वाले। संवाद
- फोटो : BADAUN
कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव यूसुफनगर में बृहस्पतिवार सुबह खेत जोतने के दौरान रोटावेटर में फंसकर 48 वर्षीय किसान हरिचंद्र उर्फ कल्लू की मौत हो गई। वह ट्रैक्टर से उतर रहे थे। उसी समय अचानक ट्रैक्टर आगे बढ़ गया। वह रोटावेटर में फंस गए। परिवार वाले उन्हें बरेली के निजी अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवारवाले उनके शव को अपने घर ले गए हैं।
यह हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे हुआ। उस दौरान थाना क्षेत्र के गांव यूसुफनगर निवासी हरिचंद्र उर्फ कल्लू अपने भाई भानुप्रताप के साथ खेत की जुताई करा रहे थे। उनका भाई ट्रैक्टर रोटावेटर से खेत जोत रहा था। परिवार वालों के मुताबिक हरिचंद्र ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे। जुताई के दौरान उन्होंने भाई से ट्रैक्टर रोकने को कहा। उसने ट्रैक्टर रोक लिया था लेकिन उसमें गियर पड़ा हुआ था। जैसे ही हरिचंद्र ने ट्रैक्टर से उतरकर रोटावेटर पर पैर रखा कि अचानक ट्रैक्टर आगे बढ़ गया। इससे हरिचंद्र रोटावेटर में फंस गए। ट्रैक्टर बंद करके पहले भाई ने उन्हें निकालने की कोशिश की। जब उन्हें कामयाबी नहीं मिली तो उन्होंने गांव के लोगों को सूचना देकर बुला लिया। कई लोगों की मदद से हरिचंद्र को रोटावेटर से निकाला गया। वहीं तुरंत एक गाड़ी मंगा ली गई और परिवार वाले उन्हें बरेली ले गए लेकिन वहां एक निजी अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इससे परिवार वाले उनके शव को गांव ले गए। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
एक दिन पहले तय हुई थी बेटे की शादी
हरिचंद्र उर्फ कल्लू खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके तीन बेटे और एक बेटी है। एक दिन पहले यानी बुधवार को उन्होंने कैली गांव से अपने बड़े बेटे गोविंद की शादी तय की थी। बुधवार को उन्होंने गोद भराई की रस्म निभाई थी। परिवार में खुशी का माहौल था। नौ फरवरी को उसकी शादी होनी है। गोविंद से छोटा बेटा सोविंद, उससे छोटा प्रदीप, बेटी कल्पना है।