फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: ढाई साल से बंद है ट्यूबवेल का कनेक्शन, किसान पर दर्ज हो गई बिजली चोरी की रिपोर्ट

Wed, 15 Oct 2025 04:21 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

बदायूं जिले में एक अजब मामला सामने आया है। किसान का कहना है कि कनेक्शन कटने से उसका ट्यूबवेल ढाई साल से बंद है। लेकिन बिजली निगम ने उसके खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के गांव सूर्यनगला निवासी किसान बदन सिंह पिछले ढाई साल से बिजली निगम की लापरवाही की मार झेल रहे हैं। उन्होंने अपने खेतों की सिंचाई के लिए 16 जून 2022 को एलटी कनेक्शन लेकर ट्यूबवेल लगाया था। कनेक्शन की वास्तविक कीमत 1,03,719 थी। किसान का आरोप है कि तत्कालीन जेई और लाइनमैन ने उनसे 1,82,000 वसूले। इसके बाद एक अक्तूबर 2025 को किसान को बिजली चोरी का नोटिस थमा दिया गया। बताया गया है कि उसके खिलाफ केस दर्ज हो गया है। किसान का कहना है कि उसके पास बिजली बिलों की रसीदें मौजूद हैं। ढाई साल से कनेक्शन बंद है। ऐसे में बिजली चोरी का मामला कैसे दर्ज हो गया।

विज्ञापन


पीड़ित किसान ने बताया कि शुरुआती आठ महीने तक बिजली सुचारू रूप से चलती रही जिससे अपनी फसलों की सिंचाई कर सके। मगर अचानक उनका कनेक्शन काट दिया गया। जब उन्होंने तत्कालीन जेई से बिजली बहाल करने की बात की तो जेई ने कहा कि अपनी लाइन खुद जोड़ लो। किसान का कहना है कि बाद में अधिकारियों ने दोबारा पैसे की मांग भी की। बदन सिंह ने इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल, जिलाधिकारी, विद्युत अभियंता, विधायक और सांसद तक से की, मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 

किसान ने डीएम से लगाई गुहार 
उनका ट्यूबवेल ढाई साल से बंद पड़ा है, जिससे खेत सूखे पड़े हैं और उन्हें लगातार फसलों का नुकसान झेलना पड़ रहा है। बदन सिंह ने कहा कि वह खेतीबाड़ी परिवार का पालन-पोषण बड़ी मुश्किल से कर रहे हैं। अब उन पर झूठी एफआईआर कर और परेशानी बढ़ा दी गई है। किसान ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उनका बिजली कनेक्शन तत्काल बहाल किया जाए और दोषी विभागीय कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन


विद्युत निगम के प्रभारी अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार ने कहा कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। अगर इस तरह का मामला है तो किसान अपना शिकायती पत्र दे। जांच कराके दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराई जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें