बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। उसके ऊपर फर्राटा पंखा गिर गया था। स्विच ऑन होने की वजह से उसमें करंट प्रवाहित था।
बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नेता झुकसा में बृहस्पतिवार की रात युवक के ऊपर फर्राटा पंखा गिर गया। इससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
विज्ञापन
दातागंज के गांव नेता झुकसा निवासी सुनील कुमार मौर्य (26) पुत्र राम प्रसाद मौर्य विद्युत निगम में ऑपरेटर थे। वह बरेली जिले के सुभाष नगर स्थित उपकेंद्र पर तैनात थे। पिछले दिनों हुई कर्मचारियों की छंटनी में उन्हें नौकरी से हटा दिया गया था, तब से वह घर पर ही रह रहे थे।
ऐसे हुआ हादसा
बृहस्पतिवार रात सुनील कमरे में सो रहे थे। रात करीब दो बजे वह चारपाई से उठकर शौचालय जा रहे थे। जब वह दरवाजे की ओर पहुंचे तो वहां रखे फर्राटा पंखे के तार उनके पैर में फंस गए। इससे वह फिसलकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद पंखा उनके ऊपर गिर गया। पंखे में प्रवाहित करंट से वह बेहोश हो गए।
विज्ञापन
सुनील की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन फानन विद्युत बोर्ड से पंखे का तार निकाला, लेकिन तब तक सुनील की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि सुनील अविवाहित थे। वह चार भाई व एक बहन में दूसरे नंबर के थे। रक्षाबंधन से पहले हुई भाई की मौत से बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।