होली से पहले जहां जिलाधिकारी ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर नजर रखने के आदेश खाद्य सुरक्षा विभाग को दिए हैं, वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने नलकी दूध का मुद्दा उठाकर इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने की मांग की है।
इस संबंध में जिला राष्ट्रवादी कांग्रेस की मीरा सराय में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष धीरपाल कश्यप ने जिले में नकली दूध के बढ़ रहे कारोबार के प्रति चेताया है और कहा है कि इससे बड़ी तादाद में बच्चे बीमार हो रहे हैं। कभी भी बड़ी बारदात हो सकती है। इसके लिए जिला प्रशासन और मिलावटखोर जिम्मेदार होंगे। उन्होंने जिलाधिकारी से पुरजोर मांग की है कि नकली दूध का कारोबार जिले से बंद कराया जाए। पूरे जिले में इस कारोबार ने अपना वर्चस्व बना लिया है। इसमें दूध माफिया भी शामिल हैं।
इस मौके पर जिला सचिव मंशा राम जाटव ने कहा कि जिले में यह कारोबार लंबे समय से चल रहा है और इसे दूध के माफियाओं का पूरा संरक्षण मिल रहा है। नकली दूध को लेकर शकिर हुसैन अंसारी, खेमकरन गुप्ता, नईम, अनुज कुमार, रामपाल, जाकिर हुसैन आदि ने भी ऐसे कारोबार को रोके जाने की मांग का समर्थन किया।