बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव खैरपुर खैराती में लगने वाले साप्ताहिक बाजार व नखासा संचालक से तमंचे के बल पर 50 हजार रुपये प्रति माह की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने गौरव, धर्मपाल, विख्यात और अभिषेक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक, कस्बा सहसवान के मोहल्ला काजी निवासी सैयद जावेद इकबाल नकवी की खैरपुर खैराती में पुश्तैनी जमीन है। यहां प्रत्येक बृहस्पतिवार को साप्ताहिक बाजार और पशु नखासा लगता है। आरोप है कि 24 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी गौरव निवासी सैफुल्लागंज, धर्मपाल निवासी आनंदीपुर, विख्यात निवासी अकबराबाद और अभिषेक निवासी नयागंज बाजार पहुंचे।
आरोपियों ने वहां हुड़दंग करते हुए ग्रामीणों व किसानों को धमकाया। विरोध करने पर आरोपियों ने पेट्रोल पंप के पास नकवी को घेर लिया और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने बाजार चलाने के एवज में हर महीने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित के अनुसार, स्थानीय पुलिस व उच्चाधिकारियों से शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद