बदायूं। यूपी बोर्ड परीक्षा-2026 में नकल पर अंकुश लगाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब प्रत्येक परीक्षा कक्ष में तैनात कक्ष निरीक्षकों में कम से कम 50 प्रतिशत शिक्षक बाहरी विद्यालयों के होंगे। यानी जिस विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, वहां के शिक्षकों के साथ दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक लालजी यादव ने बताया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी में यह व्यवस्था लागू की जा रही है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में निरीक्षकों की तैनाती करते समय 50 प्रतिशत बाहरी शिक्षकों का मानक पूरा करना होगा। इसके लिए दूसरे विद्यालयों के शिक्षकों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों को पूरी सतर्कता बरतनी होगी। किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। विभाग की ओर से परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की तैयारी की जा रही है, ताकि परीक्षाएं नकलविहीन कराई जा सके।