बदायूं। कादरचौक ब्लॉक की ग्राम पंचायत चौड़ेरा के मजरा गांव किशुपुरा में मनरेगा के दो कार्यों में 9.64 लाख के अनियमितता के आरोप में बीडीओ सर्वग्य अग्रवाल का स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बीडीओ पर आरोप है कि जिस ग्राम पंचायत अधिकारी पर अनियमितता का आरोप है, उसी से अनियमितता की जांच करा दी।
मजरा निवासी हरी ओम चंद्र ने 11 अगस्त को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया था कि दो कार्यों में 9,64,654.34 खर्च किए गए थे। अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिला स्तरीय तकनीकी टीम से स्थलीय जांच और दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर धनराशि की रिकवरी की मांग थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि बीडीओ ने उसी ग्राम पंचायत पर तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी उदित चंद्र को जांच अधिकारी बना दिया, जिस पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि जांच के नाम पर सिर्फ खानापूरी की गई। इस मामले का संज्ञान लेते हुए। डीडीओ मनोज कुमार सिंह दोबारा जांच के लिए टीम गठित की है। बीडीओ को नोटिस भेजा है। संवाद
-
नई जांच टीम का गठन कर दिया गया है, यह टीम निष्पक्ष जांच करेगी व शिकायतकर्ता का पूरा पक्ष सुनेगी, इसके बाद साक्ष्यों के साथ अपनी जांच रिपोर्ट भेजेगी। वहीं बीडीओ से स्पष्टीकरण के लिए नोटिस भेजा गया है।
मनोज कुमार सिंह, डीडीओ