वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बुधवार सुबह सड़क हादसे में नदवारी के पूर्व प्रधान की मौत हो गई। वह पैदल-पैदल अपने गांव से वजीरगंज आ रहे थे, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।
ग्राम नदवारी के पूर्व प्रधान अर्जुन (53) पुत्र टीकाराम बुधवार सुबह वजीरगंज कस्बा आने के लिए घर से निकले थे। बताते हैं कि वह गांव से पैदल-पैदल आ रहे थे। तभी कस्बे के बड़ा बाजार के सामने अचानक किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देखकर मौके पर काफी लोग जमा हो गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों की मदद से शव को सड़क से हटवाया। सूचना पर परिवार वालों के अलावा गांव के दर्जनों लोग रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। तब कहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस ने परिवार वालों की ओर से अज्ञात वाहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।