बरेली। सेटेलाइट बस अड्डे के आसपास और पीलीभीत बाइपास पर लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए अभी शहर के लोगों को और इंतजार करना होगा। एक साल पहले मंजूरी के बाद छह अगस्त 2025 को बरेली दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेटेलाइट फ्लाईओवर को वाईशेप करते हुए पीलीभीत बाइपास से जोड़ने की परियोजना की घोषणा भी कर दी थी। इसको भी सात माह बीत गए हैं, लेकिन अब तक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पर भी काम शुरू नहीं हुआ है।
ईसाइयों की पुलिया, सेटेलाइट बस अड्डा तिराहा और पीलीभीत बाइपास पर लगने वाले जाम से बचने के लिए 597 मीटर लंबे ईसाइयों की पुलिया से शाहजहांपुर रोड तक सेटेलाइट फ्लाईओवर का काम 2021 में पूरा हुआ था। इससे शाहजहांपुर रोड की ओर लगने वाले जाम की स्थिति में तो सुधार हुआ, लेकिन सेटेलाइट तिराहा, पीलीभीत रोड पर हालात बदतर होते गए।
लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। इसके बाद पीलीभीत बाइपास की ओर भी फ्लाईओवर की जरूरत महसूस की जाने लगी। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने इसके लिए प्रयास शुरू किए। एक साल पहले सेटेलाइट फ्लाईओवर को मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी।
बरेली दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने जब छह अगस्त को इस परियोजना की घोषणा की तो सेतु निगम ने फिजिबिलिटी रिपोर्ट के साथ 106 करोड़ रुपये की डिटेल कॉस्ट बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को भेज दी।
इसके बाद कार्रवाई अब तक आगे नहीं बढ़ सकी है। अब तक डीपीआर पर भी काम शुरू नहीं हो सका है।