बदायूं। दो नवंबर से शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। नवंबर में हर रोज शहर में 20 से 30 शादियां होनी हैं। इस बार जीएसटी कम होने के बाद भी विवाह के सीजन में महंगाई की मार है। मैरिज हॉल पहले से ही बुक किए जा चुके हैं। घी, चीनी, दाल, बेसन पर भी महंगाई की मार है। यही कारण है कि इस बार शादी में आए मेहमानों का खाना महंगा पड़ेगा। इसके अलावा मैरिज हॉल की बुकिंग और फूलों की सजावट में भी पिछले साल के मुकाबले 10 प्रतिशत तक महंगाई बढ़ गई हैं।
मैरिज हॉल संचालक डेबिड मौर्य, लवी अग्रवाल, सौरभ वार्ष्णेय ने बताया कि मैरिज हॉल की बुकिंग के महंगा होने का मुख्य कारण लेबर है। पिछले साल लेबर पांच सौ रुपये में आसानी से मिल जाती थी, लेकिन इस साल सात सौ रुपये में भी बमुश्किल मिल पा रही है। जयमाला का मंच सजाने वाले एक हजार से दो हजार रुपये तक लेते थे। अब चार हजार से कम में नहीं मान रहे।
नवंबर में बड़ा सहालग है। सीजन में लोगों को शादी के लिए हॉल नहीं मिलते, इससे लोगों ने भी दो-दो महीने पहले ही अपनी बुकिंग करा रखी है। अगर वह लोग इस समय आकर बुकिंग करते तो शादी करना और भी महंगा हो जाता।
घी का केन मिल रहा 2050 रुपये में
जिले के नंबर एक पर कैटरिंग का काम करने वाले उझानी निवासी श्याम मोहन का कहना है कि पिछले साल घी की केन 1920 रुपये का आ रहा था। वह आज 2050 रुपये में मिल रहा है। चीनी के दाम तीन रुपये प्रतिकिलो चढ़े हैं। यही वजह है कि प्रति प्लेट दाम बढ़ना तय है।
टेंट के दामों में कोई खास इजाफा नहीं
टेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक खुराना ने बताया कि इस बार नवंबर से लेकर 15 दिसंबर तक अच्छा सहालग है। बुकिंग अच्छी है। कुछ मैरिज हॉल हैं, जिनकी बुकिंग की राशि 70 से दो लाख रुपये तक है। टेंट के दामों में कोई खास इजाफा नहीं हुआ है।कुछ बड़े बैंक्वेट हॉल हैं, जिनकी बुकिंग ही दो लाख रुपये से शुरू होती है, उनके दाम जरूर बढ़े हैं। यहां पर आप बाहर से कैटर, डीजे, सजावट वाला आदि नहीं ले जा सकते हैं।
-पहले बुक नहीं किया, अब देने पड़ रहे एक लाख-
बरातघर पहले से बुक नहीं किया। जैसे-तैसे एक मिला है। एक लाख रुपये मांगे वही देने पड़े। पिछले साल शादी कि तो 70 हजार रुपये में बुक किया था। इस बार महंगाई की मार शादी वाले परिवारों को झेलनी पड़ रही है। -मुकेश शर्मा, करखेड़ी
मैरिज हॉल और रिश्तेदारों का खाना खर्च चार लाख रुपये से अधिक का है। अगर मैरिज हॉल पहले से बुक नहीं किया होता तो इस समय शादी करने के लिए जगह ही नहीं मिलती। सभी मैरिज हॉल बुक हैं। अब खर्चा जो भी हो करना ही पड़ेगा।-कौशल जौहरी, बिसौली