- डीएम ने औद्योगिक क्षेत्र सालारपुर का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने रविवार की दोपहर सीडीओ केशव कुमार, एसडीएम एसपी वर्मा समेत कई अधिकारियों के साथ औद्योगिक क्षेत्र सालारपुर का निरीक्षण किया।
डीएम ने कहा कि इस इलाके का उच्चीकरण कराया जाए। सड़क, आरसीसी रोड, नाली, बाहरी नाला और पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया जाए। यहां अधिक से अधिक पौधारोपड़ भी किया जाए। उन्होंने इलाके में संचालित फैक्ट्रियों के संबंध में सहायक श्रम आयुक्त, सहायक निदेशक कारखाना, मुख्य अग्नि शमन अधिकारी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेफ्टी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उद्यमियों को कोई परेशानी नहीं होना चाहिए। उनका उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। इससे अपनी व्यवस्थाएं ठीक कर लें। ओवरहैड टैंक शुरू कराया जाए।
इस दौरान डीएम ने सीमेंट इंटरलॉकिंग ब्रिक प्लांट, फ्लोरमिल, स्टील पाइप प्लांट, मेंथा क्रिस्टल प्लांट, कृषि यंत्र इकाई, आटो पार्ट्स बनाने वाली इकाई, टैंट सामग्री बनाने वाली इकाई और मसाला फैक्ट्री का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जिले में उद्यमी अधिक से अधिक निवेश करें। इस दौरान सहायक श्रम आयुक्त, मुख्य अग्नि शमन अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, वीरेंद्र धींगडा और यूपीएसआईसी के सहायक अभियंता शिवम सिंह मौजूद रहे।
डीएम ने लाभार्थियों को वितरित कीं सिलाई मशीन
डीएम मनोज कुमार ने कई लाभार्थियों को सिलाई मशीन वितरित की। उन्होंने उपायुक्त उद्योग दुर्गेश कुमार को निर्देश दिए कि विश्वकर्मा श्रम समान योजना में प्रशिक्षित समस्त लाभार्थियों को स्थानीय उद्योग क्षेत्र में मांग के अनुसार छोटे-छोटे क्लटर (समूह) बनाकर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं।