बदायूं। अवैध निर्माण पर कार्रवाई हो या न हो, लेकिन धड़ाधड़ नोटिस जारी करने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने कलक्ट्रेट गेट के सामने रोड पर दोनों ओर बनीं 14 दुकानों को नोटिस जारी किया है। इन दुकानों को अवैध करार देते हुए दुकानदारों को तीन दिन के भीतर दुकानें खाली करने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, अब तक यह दुकानें जिला पंचायत की बताई जा रही थीं, लेकिन प्रशासन की जांच में जिला पंचायत ने दुकानों का अपना होने से इंकार किया है।
कलक्ट्रेट के तीन गेट हैं। यहां रोड के दोनों ओर तमाम दुकानों का निर्माण हो चुका है। इससे रोड संकरा हो गया है। अक्सर जाम के हालात बने रहे हैं। इन दिनों प्रशासन अवैध कब्जों और निर्माणों को लेकर गंभीर है। कलक्ट्रेट गेट पर बनी दुकानों की जांच कराई गई तो पता लगा कि दुकानों का निर्माण अवैध रूप से कराया गया है। कुछ दुकानदारों ने दुकानें जिला पंचायत से लीज पर लेने की बात कही। इसके बाद जिला पंचायत के निर्माण और संपत्ति विभाग से जानकारी जुटाई गई। यहां पता लगा कि दुकानें जिला पंचायत की नहीं हैं। इसके बाद बृहस्पतिवार को सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने 14 दुकानों को नोटिस जारी कर दुकानदारों को तीन दिन में दुकानें खाली कराने का नोटिस दिया है। इसके बाद इन दुकानों का ध्वस्तीकरण किया जाएगा।
कलक्ट्रेट गेट पर कई दुकानों का अवैध निर्माण हुआ है। करीब 14 दुकानदारों को तीन दिन के भीतर दुकानें खाली करने का नोटिस दिया गया है। इसके बाद दुकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
-अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट