करीब डेढ़ साल से मानदेय अवमुक्त कराने की मांग कर रहे रोजगार सेवकों ने मंगलवार को भी आंदोलन किया। उन्होंने कार्यालय पर तालाबंदी कर बेमियादी धरना शुरू कर दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने ब्लॉक मुख्यालय पर हंगामा किया। साथ ही होली न मनाने का ऐलान किया।
ब्लॉक मुख्यालय पर दूसरे दिन मंगलवार को भी जुटे रोजगार सेवकों ने ब्लॉक कर्मियों को कार्यालय में नहीं घुसने दिया। उन्होंने कहा कि जब तक मानदेय नहीं मिलता तब तक अफसरों को चैन से नहीं बैठने दिया जाएगा। कार्यालय की तालाबंदी कर परिसर में धरने पर बैठे रोजगार सेवकों ने विकास विभाग के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। ब्लॉक कर्मियों के समझाने पर भी प्रदर्शनकारी नहीं माने। बोले, बीडीओ पहुंचे और मानदेय का भुगतान कराएं तभी आंदोलन समाप्त किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अफसर महज आश्वासन देकर उन्हें गुमराह करते रहे हैं। प्रदर्शनकारियों में राघवेंद्र सिंह और देवेंद्र सिंह ने बताया कि मानदेय के अभाव में त्योहार मनाना मुश्किल है। प्रदर्शनकारियों में अरुण यादव, विमल कुमार, तालेवर सिंह, राजीव कुमार, दर्शनलाल, सत्यवीर सिंह, रमेश चंद्र, मनोज कुमार, भानु प्रताप, देवेंद्र प्रताप सिंह और ह्रदेश कुमार आदि शामिल थे।