विद्युत वितरण खंड प्रथम और द्वितीय ने बुधवार को बिल्सी, सिविल लाइंस और वजीरगंज में बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली अभियान चलाया। इस दौरान 22 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बकाया भुगतान न करने पर पांच कनेक्शन काटे भी गए हैं। 7.80 लाख रुपये वसूल भी किए गए।
विद्युत वितरण खंड प्रथम ने बिल्सी थाने में चार और सिविल लाइंस थाने में बिजली चोरी का एक मुकदमा दर्ज कराया है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय की ओर से वजीरगंज थाने में 15 और अलापुर थाने में सात लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। अधिशासी अभियंता छैल बिहारी ने बताया कि यह वह उपभोक्ता हैं जिनके कनेक्शन बकाया अदा न करने पर काटे जा चुके थे। इसके बाद भी यह चोरी से बिजली इस्तेमाल कर रहे थे। अभियान के दौरान 87 नए बिजली कनेक्शन जारी किए गए। बकाया अदा न करने पर 75 कनेक्शन काटे गए और 7.80 लाख रुपये वसूली की गई। गुरुवार को भी अभियान चलाया जाएगा।
मधुवन कॉलोनी से बाइक चोरी
बदायूं। सिविल लाइंस की मधुवन कॉलोनी से चोरों ने बाइक चोरी कर ली। मोहल्ले के अनिल गुप्ता की बाइक उनके घर के बाहर खड़ी थी। मौका पाकर चोर बाइक ले गए। रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी गई है।