जिला अस्पताल के वार्ड में खाली पड़े बैड। संवाद
बदायूं। महिला और जिला अस्पताल की बिजली मंगलवार दोपहर 12 बजे अचानक ठप हो गई। जो करीब तीन बचे सुचारु हो पाई। इस बीच दोनों अस्पतालों में मरीज व तीमारदार मिलाकर करीब 500 लोग परेशान हुए। गर्मी की उमस ने मरीजों को वार्ड से बाहर निकलने को मजबूर कर दिया, जिससे वार्ड में पड़े बेड खाली हो गए। वहीं, महिला अस्पताल में गर्मी से बेहाल प्रसूता नवजात को लेकर फर्श पर ही लेट गई। उसके परिजनों ने हाथ से पंखा कर राहत दी। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को गर्मी से बचाने के लिए जनरेटर तक नहीं चलाया। इस वजह से शाम तक मरीज बेहाल रहे।
महिला और जिला अस्पताल में बिजली व्यवस्था बदहाल है। जिला अस्पताल में शहर के फीडर से बिजली दी जा रही है। मंगलवार को 12 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी ने मरीजों को बेचैन कर दिया। कुछ देर तक तो मरीज वार्ड में रहे, लेकिन कुछ ही देर में गर्मी ने बेहाल कर दिया। पसीना सुखाने को मरीज वार्ड से बाहर निकलकर बरामदे में जा बैठे। दरअसल, बिजली उस समय गुल हुई जब महिलाएं बच्चों के साथ डॉक्टराें के आने का इंतजार कर रहीं थी।
बिजली व्यवस्था ठीक कराने में कर्मचारी लगे हैं। केबल बदलने को काम तेजी से चल रहा है। सप्ताह भर में बिजली व्यवस्था दुरूस्त करा दी जाएगी। जब तक शहर के फीडर से सप्लाई रहेगी। जनरेटर चलाया जाता लेकिन बरसात होने की वजह से नहीं चलाया जा सका।
डॉ. कप्तान सिंह, सीएमएस
जिला अस्पताल के वार्ड में खाली पड़े बैड। संवाद