प्रदेश सरकार का फरमान है कि जिलों को 24 घंटे बिजली दी जाए लेकिन जिले में बिजली महकमा उस आदेश को नहीं मान रहा है। रविवार की रात हुई तीन घंटे की अघोषित कटौती के चलते लोग चैन से नहीं सो पाए। सोमवार को भी दिन में बिजली आती-जाती रही। अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ कंट्रोल रूम से आपातकालीन कटौती हो रही है। बिजली कब आएगी और कब जाएगी, इसकी जानकारी देना मुश्किल है।
प्रदेश सरकार ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि जिलों में बिजली की समस्या नहीं होने दी जाएगी। शहरों में 24 और ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे बिजली सप्लाई देने का वायदा किया गया था लेकिन जिले के लोगों को उन वायदों का कोई प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। कुछ दिनों से लखनऊ कंट्रोल रूम से आपातकालीन कटौती शुरू कर दी गई है। ऐसे में बिजली आपूर्ति का हाल बदतर हो चला है। बिजली आने और जाने का कोई समय निर्धारित नहीं है। गर्मी में बिजली नहीं मिलने से लोग परेशान है वहीं रात में बिजली गुल होने से आपराधिक घटनाएं बढ़ने का अंदेशा बढ़ गया है।
देहात को मात्र 10 घंटे की सप्लाई ग्रामीण क्षेत्र को 24 में मात्र 10 घंटे की सप्लाई का शेड्यूल बनाया गया है, इसकी जानकारी भी ग्रामीणों को नहीं है।
क्या बोले लोग
पढ़ाई हो रही बाधित
इंटर पास करने के बाद में कंप्टीशन की तैयारी में युवा जुट गए हैं लेकिन रात के समय बिजली कटौती ने पढ़ाई को पूरी तरह से बाधित कर दिया है। -सार्थक गुप्ता, छात्र
आराम का समय जाती है बिजली शाम की बिजली कटौती ने जीना मुहाल कर दिया है। दिन में अन्य कामों में व्यस्त होने के बाद जब शाम को समय मिलता है उस वक्त कुछ रिलेक्स होते हैं, उसी वक्त बिजली चली जाती है।
-वंदना मिश्रा, प्रोफेसर
ट्रिपिंग से लोग परेशान
दिनभर ट्रिपिंग की समस्या रहती है। अफसरों को बताने के बाद भी हल नहीं होता। इसके अलावा बिजली कटौती भी बढ़ गई है। इससे परेशानी और बढ़ गई है। -कल्लू, बीमा एजेंट
जल्द कर देते दुकान बंद
बिजली ने परेशान कर दिया है। दिन हो या रात जब मर्जी तब चली जाती है, कोई भी अधिकारी सीधे जवाब नहीं देता है। जब कारण पूछो तो एक ही जवाब मिलता है। कटौती ऊपर से की जा रही है।- प्रशांत खुराना, दुकानदार
पार्टी जिलाध्यक्षों ने कहा
कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रही सरकार
सपा शासनकाल में लोगों को लगातार बिजली मिल रही है। लोग बेहद खुश थे। लेकिन पिछले कुछ दिनों से शहर में ब्लैक आउट जैसी स्थिति पैदा हो गई है। भाजपा सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रही है। जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
- आशीष यादव, सपा जिलाध्यक्ष
काम नहीं केवल वायदे हो रहे प्रदेश सरकार की ओर से 24 घंटे बिजली सप्लाई का दावा किया जा रहा है। लेकिन कितने घंटे बिजली कटौती होती है इसको कोई देखने वाला कोई नहीं है। प्रदेश सरकार केवल वायदे ही कर रही है। काम कोई नहीं हो रहा है। -साजिद अली, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ------
प्रदेश सरकार हर मोर्चा पर विफल भाजपा ने 24 घंटे बिजली देने का वायदा चुनावी घोषणा पत्र में किया था लेकिन प्रदेश सरकार को एक साल हो गया, वह लोगों को कुछ नहीं दे सकी। सरकार हर मोर्चा पर विफल है। -हेमेंद्र गौतम, बसपा जिलाध्यक्ष
जनता को मिल रही उम्मीद से अधिक सुविधाएं
केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से लोगों को कई सुविधाएं दी जा रही हैं। जिसकी लोगों ने कभी किसी भी सरकार से उम्मीद नहीं की है। वह सुविधाएं उन्हें बिना मांगे मिल रही हैं। बिजली भी जिले में लगातार आ रही है। बेरोजगारों को उनकी सुविधा के मुताबिक रोजगार मुहैया कराया जा रहा है।
-हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष