बदायूं। खेड़ा नवादा से शहर के अंदर स्थित पनबाड़ी बिजली उपकेंद्र पर 11 केवीए की सप्लाई के शहर में आ रहे तीन फीडर में से एक फीडर पर 11 केवीए का केवल बॉक्स फट गया। इससे 100 घरों की बिजली गुल हो गई। फाल्ट होते ही कर्मचारी इसे ठीक करने में लग गए। विभाग के मुुताबिक अवर अभियंताओं का सहयोग नहीं मिलने की वजह से काम में देर हुई, जिससे देर रात तक मरम्मत का काम चलता रहा।
रविवार शाम करीब छह बजे अचानक तेज धमाके के साथ में पनवाड़ी बिजली उपकेंद्र में फाल्ट हो गए। ये फाल्ट बिजली उपकेंद्र के अंदर हुआ, ऐसे में कर्मचारियों ने तुरंत ही सभी सप्लाई काट दी। साथ ही अधिकारियों का इसके बारे में जानकारी दी। कुछ ही देर में अधिकारी भी पनवाड़ी बिजली उपकेंद्र पर पहुंच गए। उन्होंने उपकेंद्र से संचालित तीनों फीडरों की जांच कराई। जांच के उपरांत एक फीडर में फाल्ट निकला। ऐसे में उन्होंने सही दोनों फीडर की लाइन को जुड़वाकर बाकी मोहल्लों की सप्लाई शुरू करा दी, साथ ही जिस फीडर में फाल्ट था। उसे ठीक करने का काम शुरू कर दिया। इससे देर रात तक पनबड़िया, मम्मनचौक, लावेला चौक, जोगीपुरा, रोडवेज आदि की बिजली गुल रही। विभाग के मुताबिक 11 केवीए का केवल बॉक्स फुंक गया। इसकी वजह से सप्लाई बाधित हुई।
अवर अभियंताओं का नहीं मिला सहयोग
-पावर कारपोरेशन के जेई अपनी मांगों को शासन से मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग नहीं मानी जा रही है। यही वजह है कि अब अन्य कर्मचारियों की तरह सामान्य दिनों में सुबह नौ से शाम पांच बजे तक की ड्यूटी कर रहे हैं। पांच बजे के बाद में अपना सीयूूजी बंद कर लेते हैं। इसी के चलते रविवार को शहर हर वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। क्योंकि जेई के रात के समय काम पर न होने की वजह से अधिकारियों को चीजों को एकत्र करने में पसीने छूट गए। ये ही वजह रही कि शहर वासियों को काफी रात तक बिजली का इंतजार करना पड़ा।
11 केवीए का केवल बॉक्स में फाल्ट हुआ है। इसकी वजह से एक फीडर की सप्लाई बाधित है। फाल्ट होने के तुरंत बाद से ही कर्मचारी लगा दिए हैं। वह इसको ठीक कर रहे हैं। इसे सही होने में समय लगेगा।
-प्रवीण कनौजिया, एसडीओ टाउन