बदायूं। जिले के लोग बहुत ही भाग्यशाली है... यहां शहर में 24 घंटे बिजली मिल रही है तो वहीं तहसील क्षेत्र में 20 घंटे, और ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को 18 घंटे बिजली दी जा रही है। पढ़कर चौंकिए नहीं....ये आंकड़े बिजली विभाग के हैं, जो केवल कागजों में है, जबकि वास्तविकता तो ये है कि शहर के लोग जहां ट्रिपिंग से परेशान हैं वहीं तहसील और देहात क्षेत्र के लोग असमय बिजली कटौती के कारण बेहाल हैं।
गर्मी की वजह से लोगों का हाल पहले से ही खराब है। ऐसे में बिजली की हो रही कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बिजली कटौती की वजह से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को भरपूर बिजली नहीं मिल पाने के कारण खेतीबाड़ी में दिक्कतें पैदा हो रही हैं। लोगों ने कई बार पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को समस्या बताई, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। हालात ये है कि बिजली कब आती है, कब जाती है, इसका किसी को पता तक नहीं चलता। हालात ये है कि आए दिन लोग बिजली नहीं आने की समस्या को लेकर उपकेंद्रों का घेराव कर रहे हैं, फिर भी अधिकारी मौन साधे हुए हैं। उनका यह मौन किसी दिन जनता के आक्रोश का कारण भी बन सकता है।
बिल्सी- सात से आठ घंटे आ रही बिजली
- तहसील बिल्सी में बिजली की समस्या बेहद गंभीर है। हालात ये हैं कि पिछले 10 दिनों से दिन में यहां पर महज सात से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। उसमें ट्रिपिंग की समस्या अलग से बनी हुई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं। लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। बुधवार को भी कुल मिलाकर छह घंटे से ज्यादा बिजली नहीं आई।
बिसौली- कटौती से आजिज लोगों ने किया प्रदर्शन
-बिसौली में बिजली नहीं आने की समस्या को लेकर बिसौली और दिसौलीगंज के लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर बुधवार को दोपहर के समय प्रदर्शन किया साथ ही शेड्यूल के मुताबिक बिजली सप्लाई दिलाने की मांग की। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बिजली सप्लाई उन्हें महज से दो से तीन घंटे ही मिल पा रही है। हालात ये है कि यहां पर रोजाना 33 हजार की लाइन में फाल्ट हो रहा है, जिसे सही करने में कर्मचारियों का पूरा दिन निकल जाता है। लाइन चालू होने के बाद में दो से तीन घंटे ही बिजली मिल पा रही है। बुधवार को भी यही स्थिति रही।
दातागंज- कई दिनों से न के बराबर मिल रही बिजली
-दातागंज तहसील क्षेत्र में लोगों को वैसे तो अमूमन 12 से 14 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में बिजली का हाल बहुत खराब है। हालात ये हैं कि कई-कई बार तो लोगों को पूरे-पूरे दिन बिजली नहीं मिल रही है। लोग कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। लेकिन व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो सका। बुधवार को दिन भर में तीन घंटे से ज्यादा बिजली नहीं मिली।
सहसवान- आठ से 10 घंटे हो रही बिजली कटौती
-पावर कॅारपोरेशन की ओर से तहसीलों को 20 घंटे बिजली सप्लाई देने की बात कही जा रही है, लेकिन सहसवान तहसील में आठ से 10 घंटे बिजली की कटौती जा रही है, इस वजह से लोगों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि यही हाल रहा तो जनता का आक्रोश किसी भी दिन सड़कों पर आ सकता है। बुधवार को भी यहां जमकर कटौती की गई।
शहर को 24 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है, जबकि तहसीलों को 20 घंटे बिजली सप्लाई मिल रही हैं। इसमें सुबह सात से नौ और शाम को छह से आठ तक बिजली कटौती की जा रही है। वहीं देहात क्षेत्र को 18 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। बीच में लोकल फाल्ट के कारण कभी-कभी ट्रिपिंग की समस्या हो सकती है।
-वाईएस राघव, एक्सईएन, प्रथम