बदायूं। शहर में अंडरग्राउंड केबल के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। बिना बारिश के केबल और जंक्शन बॉक्स में करंट आ रहा है। जरा सी बारिश में हालत और खराब हो जाते हैं। छह महीनों में दर्जनों जानवरों की मौत करंट लगने से हो चुकी है। ऐसे में यदि बारिश में सड़कों पर जलभराव होता है तो निसंदेह हालात और खराब होंगे। किसी जनहानि की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। पिछले दिनों पूर्व दर्जा राज्यमंत्री ने इस मामले को उठाते हुए जांच कराने की मांग की थी, जिस पर एसई, बरेली ने यहां आकर जांच की, पर नतीजा सिफर रहा। एसई का ट्रांसफर हो गया तो स्थानीय स्तर पर चल रही जांच अभी पूरी ही नहीं हो सकी है। ऐसे में बारिश में जनता का क्या होगा, यह कहना मुश्किल है।
बिजली चोरी और लाइन लॉस को रोकने के लिए पावर कॉरपोरेशन द्वारा अंडरग्राउंड केबल डाला गया, लेकिन 2016 में डाला गया ये केबल लोगों के लिए मुसीबत बन गया। मानकों को ताक पर रखकर तारों को बिछाया गया। इसकी कई बार शिकायतें भी की गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। यही वजह है कि शहर में एक के बाद एक कई बे जुबान जानवर हादसे का शिकार होते गए। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि अभी तो जानवर मर रहे हैं तो क्या विभाग अब किसी जनहानि का इंतजार कर रहा है।
प्रमुख सचिव ऊर्जा से पूर्व दर्जा राज्य मंत्री ने की थी शिकायत
-पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा ने चार मार्च को पावर कॉरपोरेशन के प्रमुख सचिव, ऊर्जा को पत्र भेजा था। इसमें केबल डालने में बरती गई खामियों का जिक्र करते हुए जांच की मांग की गई थी। पत्र मिलने के बाद में शासन से इसकी जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जांच शुरू हुई, लेकिन जांच में क्या रहा, ये अभी तक पूरी तरह से साफ नहीं हुआ हैं। जांच करने वाले एसई राजेंद्र प्रसाद का तबादला गैर जनपद हो चुका है। जब वह यहां जांच करने आए थे तो कई कमियां मिली थीं, लेकिन अब उच्चाधिकारी इस जांच पर भी पर्दा डालने में लगे हैं।
ये हुए हादसे
- आठ फरवरी 18 को जोगीपुरा रोड पर जंक्शन बॉक्स से चिपककर एक जानवर की मौत हो गई
- 13 फरवरी 18 को मोहल्ला नेकपुर में एक गाय की मौत हो गई।
- 25 जुलाई 18 को चित्रांश नगर में एक गाय को करंट लग गया था, बमुश्किल लोगों ने उसे बचाया
- दो और चार फरवरी 19 को इंद्रा चौक के पास में बंदर जंक्शन बॉक्स में चिपककर मर गया।
- चार अप्रैल को जवाहरपुरी में एक गाय की केबल जंक्शन बॉक्स से चिपककर मौत हो गई।
- 14 अप्रैल को मुंडी मस्जिद के पास में एक गाय की करंट से मौत हो गई
- तीन जुलाई को कूंचा पांडा में एक सांड़ और तीन कुत्तों की जंक्शन बॉक्स से चिपककर मौत हो गई
बदायूं में अंडर ग्राउंड केबल की जांच एसई राजेंद्र प्रसाद की ओर से की गई थी। इसकी रिपोर्ट शासन के लिए भेज दी गई है। कुछ दिनों पहले एसई का तबादला अन्य जनपद में हो चुका है। इसके अलावा बदायूं की जो टीम गठित हुई थी, उसकी रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है।
सतेंद्र कुमार सक्सेना, चीफ इंजीनियर बरेली
अंडर ग्राउंड केबल की काफी शिकायतें मिल रही थीं, जिसकी जांच टीम की ओर से की जा रही है। अभी तक इसकी जांच पूरी नहीं हो सकी है। उम्मीद है जल्द ही यह पूरी हो जाएगी, जिसके बाद में रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
-यूसी सोनकर, अधिशासी अभियंता, प्रथम