फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

13 साल बाद सही सलामत लौटा सुहाग: मानसिक विक्षिप्त हालत में भटक रहे रोडवेज के पूर्व कर्मी को परिवार से मिलाया

Thu, 24 Nov 2022 08:30 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बदायूं

सार

एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को हजरतपुर थाना इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी गश्त पर थे। उन्हें एक मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति मिला। उसकी दाढ़ी और बाल बड़े-बड़े थे। कपड़े काफी फटे और गंदे थे। नाम-पता पूछकर उनके परिवार का पता लगाया गया।
विज्ञापन
कुछ इस तरह भटकते मिले ब्रजेंद्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बदायूं के हजरतपुर थाने की पुलिस ने 13 साल से मानसिक विक्षिप्त हालत में भटक रहे रोडवेज के पूर्व इलेक्ट्रिशियन को उसके परिवार से मिलाया। परिवार वाले उसके मिलने की उम्मीद ही खो बैठे थे। उन्होंने खोजबीन भी बंद कर दी थी। उसके मिलने से परिवार के लोग खुश हैं। वह उसे घर ले गए हैं।

विज्ञापन


एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि मंगलवार को हजरतपुर थाना इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी गश्त पर थे। उन्हें एक मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति मिला। उसकी दाढ़ी और बाल बड़े-बड़े थे। कपड़े काफी फटे और गंदे थे। वह कंबल लपेटे हुए जा रहा था। पहले तो वह पुलिस को देखकर डर गया, लेकिन इंस्पेक्टर समझा-बुझाकर उसे थाने ले गए। उसके बाल कटवाए और दाढ़ी बनवाई और नहलाकर दूसरे कपड़े पहनाए।

उससे नाम पता पूछा गया। बमुश्किल उसने अपना नाम ब्रजेंद्र दीक्षित पुत्र ब्रह्मानंद निवासी ग्राम डपटा श्यामपुर थाना भमोरा बरेली बताया। पुलिस ने संपर्क किया तो पता चला कि उनका परिवार बरेली में सुभाष नगर थाना क्षेत्र की तिलक नगर कॉलोनी में रहता था। वहां संपर्क किया गया। मंगलवार रात ब्रजेंद्र के परिवार वाले हजरतपुर थाना पहुंचे। उनके छोटे भाई ब्रजेश दीक्षित ने बताया कि ब्रजेंद्र परिवहन विभाग में इलेक्ट्रिशियन थे, लेकिन मानसिक हालत बिगड़ने से उनकी नौकरी छूट गई। 13 साल पहले अचानक वह घर से लापता हो गए।
विज्ञापन


परिवार वालों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। थकहारकर परिवार वाले घर बैठ गए। उन्होंने ब्रजेंद्र के मिलने की उम्मीद ही खो दी, लेकिन मंगलवार को हजरतपुर इंस्पेक्टर की कॉल आने पर परिवार वालों के चेहरे पर रौनक लौट आई। इससे ब्रजेंद्र की पत्नी, भाई, पिता और तमाम रिश्तेदार थाने पहुंचे। इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने बताया कि परिवार वाले ब्रजेंद्र को अपने घर ले गए।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें