डीपॉल स्कूल में प्रशिक्षण शिविर में कार्मिकों को जानकारी देती डीएम। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। विधानसभा चुनाव को सकुशल कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार से कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान कार्मिकों को मॉकपोल, मतदान प्रारंभ कराने, मतदान समाप्ति के बाद की व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी दीपा रंजन ने सीडीओ/ कार्मिक अधिकारी ऋषिराज सहित अन्य अधिकारियों के साथ डीपॉल स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण में कार्मिकों से कहा कि वे अपनी शंकाओं का समाधान प्रशिक्षण के दौरान करा लें। मतदान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कार्मिक कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए चुनाव में दिए गए निर्देशों व कर्तव्यों का निर्वह्न करेंगे। प्रत्येक दशा में कोविड-19 के नियमों का पालन किया जाए। सभी को निर्देशित किया गया कि जो भी कार्मिक प्रशिक्षण लेने आ रहे हैं वह मास्क अनिवार्य रूप से लगाकर आएं। संवाद