कलक्ट्रेट से पिंक एक्सप्रेस को फीता काटकर रवाना करतीं डीएम। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिले में महिलाओं का वोट प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से डीएम और सीडीओ के निर्देश पर टीमें गांवों में जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। इसकी शुरुआत मंगलवार से की गई है। यह टीम रोजाना गांवों में जाकर डीएम का ऑडियो मेसेज लोगों को सुनाएगी। उसके बाद में लोगों से बात करेगी। टीम का खास फोकस महिलाओं पर है ताकि चुनाव में उनकी भागीदारी को बढ़ाया जा सके। डीएम ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया।
सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए पिंक एक्सप्रेस की टीम लोगों को जागरूक करेगी। इस टीम को मंगलवार को हरी झंडी दिखाकर डीएम दीपा रंजन ने कलक्ट्रेट से रवाना किया। स्वीप के नोडल अधिकारी उदित नारायण ने बताया कि यह टीम मतदाताओं के बीच पहुंचकर विभिन्न गतिविधियों द्वारा वोट के महत्व को समझाएगी। साथ ही 18 वर्ष की आयु से अधिक के सभी लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित करेगी। छह विधानसभा क्षेत्र के लिए 12 टीम बनाई गईं हैं, एक टीम में सात सदस्य हैं। सभी टीमें रोज तीन-तीन गांवों में जाएंगी और लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेंगी। साथ ही गांव में सक्रिय महिलाओं को पिंक सखी के रूप में चुनेंगी और गांवों के लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी उनको दी जाएगी।संवाद