उझानी (बदायूं)। बिजली विभाग की टीम ने बड़े बकाएदारों से वसूली के लिए शुक्रवार से कार्रवाई शुरू कर दी। पहले दिन एक लाख रुपये से अधिक के चार बकाएदारों के घर और प्रतिष्ठानों से केबिल समेत बिजली के मीटर उतारकर जब्त कर लिए गए। कार्रवाई से बकाएदारों में पूरे दिन अफरातफरी का माहौल बना रहा।
एसडीओ मयंक मौर्य और जेई सुनील कुमार वर्मा की अगुवाई में बिजली विभाग की पांच सदस्यीय टीम ने बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई पूर्वाह्न में शुरू की। स्थानीय स्तर पर बकायेदार बिजली उपभोक्ताओं की फेहरिस्त काफी लंबी है, लेकिन टीम ने सबसे पहले एक लाख रुपये से अधिक की धनराशि के बकाएदारों को चिन्हित कर कार्रवाई की। इस श्रेणी के चार बकाएदारों के घर और प्रतिष्ठानों से बिजली की केबिल और मीटर जब्त कर लिए गए। बिजली अफसरों ने कार्रवाई से पहले बड़े बकाएदारों को मोहलत भी दी लेकिन इनमें से कोई भी बकाया जमा करने की स्थिति में नहीं दिखा।
जेई वर्मा ने बताया कि दस हजार रुपये से अधिक के 36 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। बकायेदारों के खिलाफ अभियान आगे भी चलता रहेगा। बकाएदारों से कहा गया है कि वह समय रहते बिजली का बकाया बिल जमा कर दें नहीं तो उनका भी कनेक्शन काट दिया जाएगा। बिजली विभाग की टीम में बंटी बाबू और रामप्रकाश आदि भी मौजूद थे।