कछला गंगा में कूदने वाले बुजुर्ग भीकम सिंह।
बदायूं। कछला घाट पुल से सोमवार शाम 60 वर्षीय बुजुर्ग ने गंगा में छलांग लगा दी। इस दौरान घाट पर बैरिकेडिंग कार्य में लगे नगर पंचायत कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही मिनटों में उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सोमवार शाम करीब 4 बजे नगर पंचायत कर्मचारी डेविड तोमर, कैलाश चंद्र और उनके साथी गंगा में स्टीमर से बैरिकेडिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक बुजुर्ग को पुल से गंगा में छलांग लगाते देखा। डेविड तोमर तुरंत गंगा में कूद पड़े और साथियों की मदद से बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बुजुर्ग के गंगा में कूदने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना नाम भीकम सिंह निवासी मानकपुर थाना सिकंदराऊ जनपद हाथरस बताया। उन्होंने बताया कि वह घर से ट्रेन से आए थे और अचानक आवेश में यह कदम उठा लिया।
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाएंगे। ईओ विनय मणि त्रिपाठी ने बताया कि कर्मचारियों की सतर्कता से बुजुर्ग को सुरक्षित बचा लिया गया है।