बिल्सी। गांव घंघोसी में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जमीन अपने नाम कराने के बाद, हत्या करने का आरोप भतीजे ने अपने दूसरे चाचा पर लगाया है। सूचना पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को बुजुर्ग के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग की मौत का कारण बीमारी से होना पाया गया।
पुलिस के अनुसार, गांव घंघोसी निवासी हेतराम (70) पुत्र लटूरी की मंगलवार रात मौत हो गई थी। वह चार भाई थे। हेतराम पिछले दो महीने से बीमार चल रहे थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। वह अपने भाई लालाराम के साथ रहते थे। उन्होंने अपनी जमीन भाई लालाराम के नाम कर दी थी। उनकी मौत की सूचना पर चंडीगढ़ से आए भतीजे रामबाबू ने अपने चाचा लालाराम पर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया। सूचना पर टीम ने पहुंचकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
भतीजे रामबाबू के मुताबिक, हेतराम ने करीब डेढ़ माह पहले अपनी सवा तीन बीघा जमीन लालाराम के नाम कर दी थी। भतीजे ने जमीन का बैनामा कराने के बाद हत्या का आरोप लगाया। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग की मौत का कारण बीमारी सो होना आया है। मामले में अभी कोई शिकायत नहीं मिली है।