अलापुर/जगत। अलापुर के सखानू गांव में बुधवार की सुबह आम के बाग की रखवाली कर रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग शाने रजा खून से लथपथ हालत में खाट पर बेसुध पड़े मिले। हमलावरों ने उनपर मंगलवार रात धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया था। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले को लूट या फिर आपसी रंजिश से जुड़ा मान रही है।
परिजन के मुताबिक, शाने रजा वार्ड नंबर पांच के निवासी हैं। वह रोजाना की तरह बाग में ही ठहरकर रखवाली कर रहे थे। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग उनके लिए खाना लेकर पहुंचे तो वहां का मंजर देख सन्न रह गए। बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल अवस्था में खाट पर पड़े थे और चारों ओर खून फैला हुआ था। माना जा रहा है कि रात में ही किसी ने उनपर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया होगा।
बताया जा रहा है कि उन्होंने गांव के ही आमिर से दो साल के लिए आम का बाग पेशगी पर लिया था और उसी की निगरानी कर अपना गुजारा करते थे। अविवाहित होने के कारण वह अकेले ही बाग में रहते थे।
सूचना मिलते ही अलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला रंजिश या लूट से जुड़ा हो सकता है। तहरीर मिलने के बाद अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
घटनास्थल पर मिला पर्स, जांच में जुटी पुलिस
अलापुर पुलिस को घटनास्थल पर एक पर्स मिला है, जो आरोपियों में से ही किसी का होने की आशंका जताई जा रही है। इसमें मिले प्रपत्रों में से एक की शिनाख्त भी की गई है और पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। पुलिस फिलहाल इसी आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में है। हालांकि पुलिस इसे लेकर बेहद गंभीर है और पता लगाने में जुटी है कि घटना का अंजाम देने में कितने लोग शामिल हैं।
-
मामले को गंभीरता से लिया गया है। अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। संदिग्ध एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस जल्दी ही घटना का खुलासा करेगी।
- राहुल पांडेय, सीओ दातागंज।