बदायूं। कछला गंगा घाट से कांवड़ लेकर पैदल घर लौट रही बुजुर्ग महिला कांवड़िया को उझानी-कादरचौक मार्ग पर सोमवार तड़के बाइक सवार तीन युवकों ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग महिला कांवड़ समेत सड़क पर गिर गई। बेटे का आरोप है कि बाइक सवारों ने गिरने के बाद मां को लात-घूंसों से पीटा। बेहोश होने पर भाग निकलेे। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने एक बाइक सवार को पकड़ लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस तलाश रही है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के मौसमपुर पट्टी गांव निवासी दरियाव सिंह की पत्नी सुकुमा देवी (60) रविवार शाम गांव के अन्य लोगों और अपनी नातिन के साथ कछला गंगा घाट कांवड़ लेने गई थीं। रात में गंगाजल भरने के बाद वह कांवड़ जत्थे के साथ पैदल उझानी क्षेत्र के बुर्रा गांव स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में जलाभिषेक कर घर लौट रही थीं।
सोमवार तड़के करीब चार बजे फतेहपुर गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवक आए और सुकुमा देवी को पीछे से टक्कर मार दी। महिला के बेटे ऊधल का आरोप है कि टक्कर के बाद बाइक सवारों ने उसकी मां को लात-घूंसों से पीटा। जत्थे के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भागने लगे। कुछ लोगों ने पीछा कर एक बाइक सवार को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी बाइक से भाग निकले।
साथी कांवड़िये घायल सुकुमा देवी को उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। महिला की मौत की सूचना पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि एक आरोपी बाइक सवार को मौके पर ही पकड़ लिया गया है। महिला कांवड़ यात्रा में शामिल नहीं थी। वह कांवड़ लेने गए अपने परिवार के लोगों का स्वागत करने के लिए पहुंची थी। महिला की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में एंटी मार्टम इंजरी आया है। महिला को पीटने की बात निराधार है। दो अन्य बाइक सवारों की तलाश की जा रही है।
कार की टक्कर से बाइक सवार तीन कांवड़िये घायल
बदायूं। कार की टक्कर से बाइक सवार तीन कांवड़िये घायल हो गए।
सहसवान थाना क्षेत्र के तीन बाइक सवार पटना देवकली मंदिर में जल चढ़ाने के बाद मनौना धाम के दर्शन करके घर लौट रहे थे। सोमवार की दोपहर सहसवान-बिसौली मार्ग पर भूड़ खितौरा के पास उनकी बाइक में एक कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में जखूपुर गांव निवासी आकाश, पवन और सिरकी दम्मू गांव निवासी छत्रपाल घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घायलों को सहसवान के सीएचसी में भर्ती कराया। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कार को चालक समेत कब्जे में ले लिया गया है। अभी मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। संवाद
सुकमा देवी फाइल फोटो