बदायूं। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव बर्खिन में खेत में छुट्टा पशु घुसने को लेकर एक बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई। बुजुर्ग ने अपने गांव के दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
ग्राम बर्खिन निवासी रामलाल का कहना है कि 30 जनवरी की सुबह वह अपने खेत पर छुट्टा पशुओं से फसल की रखवाली करने गए थे। उसके पड़ोस के खेत में कुछ छुट्टा पशु घुस गए। उनकी उम्र करीब 70 साल है, जिससे वह ज्यादा भागदौड़ नहीं कर पाते। इससे वह भागकर उन पशुओं को निकाल नहीं सके।
इसी दौरान आरोपी अनिल और करू खेत पर पहुंच गए और उन्होंने बुजुर्ग से यह कहते हुए गालीगलौज शुरू कर दी कि उन्होंने छुट्टा पशुओं को उनके खेत में घुसा दिया है। बुजुर्ग ने इससे किया को वे गाली-गलौज करने लगे। सूचना पर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। ग्राम प्रधान भी आ गए थे।
बावजूद इसके दोनों भाई रामलाल के साथ मारपीट करने लगे। उनकी पिटाई से बुजुर्ग को काफी चोटें भी आईं लेकिन ग्राम प्रधान ने भी उन्हें नहीं बचाया। बाद में बुजुर्ग ने थाने जाकर अनिल और करू के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, जिससे पुलिस ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।