बदायूं। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग ने सोमवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। विभिन्न मार्गों पर हुई सघन चेकिंग के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे आठ वाहनों को सीज कर दिया गया। तीन अन्य वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा अनधिकृत रूप से संचालित दो अनरजिस्टर्ड राजस्थान नंबर की एंबुलेंस भी पकड़ी गईं। दोनों को एआरटीओ कार्यालय में सीज किया गया।
एआरटीओ हरिओम ने बताया कि शासन और जिलाधिकारी के निर्देश पर अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाली 10 बसों के भी चालान किए गए। इनमें से एक बस को परिवहन कार्यालय में सीज किया गया। विभाग के अनुसार, सीज किए गए वाहनों से कुल छह लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में सरकारी खाते में जमा कराया गया।
एआरटीओ ने कहा कि वाहन स्वामियों और चालकों से निर्धारित परमिट, फिटनेस, पंजीयन समेत सभी वैधानिक प्रपत्र पूरे चाहिए। वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक माल या यात्रियों का परिवहन न किया जाए और एंबुलेंस समेत सभी व्यावसायिक वाहनों का संचालन नियमों के अनुसार किया जाए।