अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में लगे रक्तदान शिविर का शुभारंभ सीएमए (कैप्टन) डॉ. आरके टंडन ने किया। उन्होंने रक्तदान की उपयोगिता के बारे में बताया। कहा, रक्तदान से किसी प्रकार की कोई कमजोरी नहीं आती। शिविर में आठ लोगों ने रक्तदान किया। 20 लोगों ने रक्तदान के लिए रजिस्टेशन कराया। सोमवार को दातागंज चुंकी के पास स्थित जीएस हीरो कैंपस में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा।
जिला अस्पताल में जिले का इकलौता ब्लड बैंक है। इसकी क्षमता 300 यूनिट ब्लड की है। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता न होने की वजह से ब्लड बैंक को रक्त की किल्लत का सामना करना पड़ता है। कई बार समय से खून न मिलने पर घायलों की जान तक चली जाती है। अमर उजाला फाउंडेशन ने ब्लड बैंक में खून की किल्लत दूर करने के लिए पहल की है। रविवार को रक्तदान शिविर में रविंद्र वार्ष्णेय, संदीप शर्मा, मुनीश पाल, पीयूष, संजय गुप्ता, अंकुर, हिमांशु और हेमंत ने रक्तदान किया। 20 रक्तदाताओं ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। रक्तदान शिविर में पैथोलॉजिस्ट डॉ. एपी गौतम, चीफ एलटी डीके शुक्ला, स्टाफ नर्स मीना सिंह यादव, शाहरोज आदि का सहयोग रहा। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक के सहयोग से सोमवार को जीएस हीरो कैंपस में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा।