दहगवां। जरीफनगर थाना क्षेत्र के दिल्ली-मेरठ हाईवे पर गांव उस्मानपुर पुल के समीप बाइकों की भिड़ंत में आठ महीने की गर्भवती की मौत हो गई। वहीं, हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव समसपुर कुबरी निवासी देवेश की पत्नी उर्मिला देवी (19) आठ महीने की गर्भवती थी। सोमवार को देवेश पत्नी को दवा दिलाने के लिए बाइक से सहसवान आ रहे थे। इसी बीच उस्मानपुर पुल के समीप उनकी बाइक को पीछे से आ रही बाइक ने चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से देवेश की पत्नी बाइक से उछलकर जमीन पर गिर गईं।
इससे उर्मिला देवी और उनके गर्भ में पल रहे आठ महीने के शिशु की मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार अखिलेश (46) पुत्र सत्यपाल और योगेंद्र (19) पुत्र वीरेंद्र निवासी गांव रामनगर, थाना जुनावई जिला संभल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को सीएचसी लेकर आई। यहां डॉक्टर ने उर्मिला देवी को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, घायल अखिलेश और योगेंद्र का प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बाइक सवारों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। जरीफनगर इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घायलों का प्राथमिक उपचार चल रहा है।