बदायूं। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने के लिए जिले में दो इंटर कॉलेज समेत कुल छह सेंटर बनाए गए हैं। इन पर 2046 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। इन दौरान 500 मीटर की परिधि में कोई भी दुकान किसी भी प्रकार की नहीं खुलेंगी।
कोरोना काल की वजह से कई बार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तिथि हट चुकी है। लेकिन इस बार शासन ने इस परीक्षा को कराने का निश्चय कर लिया है। इसके तहत रविवार को परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा दो पालियों में होगी। इसमें जीटीआई समेत राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय डिग्री कॉलेज, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज व एनएमएसएन दास कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
पहली पहली सुबह नौ बजे से 12 बजे और दूसरी पाली में परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। दोनों पालियों में कुल 2046 परीक्षार्थी पंजीकृत है। केंद्रों तक पहुंचने में इन परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसलिए डीएम कुमार प्रशांत ने पब्लिक, निजी वाहनों (टेंपो, टैक्सी, ई- रिक्शा, प्राइवेट, सरकारी बसें) चलती रहने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं जिला प्रशासन ने निर्देश दिए हैं 500 मीटर की परिधि में कोई भी फोटो स्टेट, पीसीओ, साइबर कैफे समेत ऐसी दुकानों को नहीं खोला जाएगा। यह भी कहा है कि परीक्षा केंद्र के 500 मीटर की परिधि में कोई भी व्यक्ति किसी तरह का समूह एकत्र न करें, अगर ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बिना मास्क के नहीं होगा प्रवेश
बीएड प्रवेश परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश पत्र के साथ-साथ इस बार मास्क पहना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना मास्क के उनको परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा केंद्रों को कराया गया सैनिटाइज
प्रवेश परीक्षा कराने से पहले परीक्षा केंद्रों को सैनिटाइज कराया गया है। ताकि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार का संक्रमण न हो। वहीं परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों के हाथों को सैनिटाइज कराया जाएगा।
जनपद में छह सेंटर बनाए गए हैं। इन पर बीएड की प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें 2046 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर कोई भी परीक्षार्थी मोबाइल फोन, टेबलेट आदि नहीं ले जाएगा।
- राममूरत, डीआईओएस