उझानी (बदायूं)। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों ने तहसील स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। दृष्टिबाधित बच्चों ने एक-दूसरे की पहचान करके दर्शकों को भाव विभोर कर दिया। बाद में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
हरबिलास गोयल इंटर कॉलेज के मैदान पर सोमवार को खेलकूद समारोह का आगाज खंड शिक्षाधिकारी प्रवीण कुमार शुक्ला ने किया। उन्होंने दिव्यांग बच्चों को हुनरमंद बताते हुए आगे चलकर भी मेहनत करके तरक्की की सलाह दी। खेलकूद के तहत दौड़, सुलेख, कला और कुर्सी दौड़ में दिव्यांग छात्र और छात्राओं ने पूरे दमखम के साथ प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में मोहिनी, अयान, सरिता, टीटू, पवन, ऊषा, कामिनी, नसीम और अमित ने प्रथम स्थान पाया। मंतशा, सोहेल, कामिनी, अजीम, अमित, नित्या, सरिता और पवन ने द्वितीय तो सोमदेव, मोहिनी, काजल, मंतशा, मोहित, निर्दोष, यश और फुरकान ने तृतीय स्थान पाया। मंतशा, सोहेल और अयान ने स्वागत गीत सुनाया। अतिथियों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। विजेता दिव्यांग को खंड शिक्षाधिकारी ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर अरविंद दीक्षित, राघवेंद्र सिंह, दिव्या उपाध्याय, महालक्ष्मी, संदीप राय और नरेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद थे। संचालन कमल यादव और राजेश मौर्य ने किया।