बदायूं। माध्यमिक विद्यालयों के मेधावी, खासकर क्रिएटिव बच्चों के लिए यह अच्छी खबर है। गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर होने वाली परेड में जिले के बच्चों को भी मौका मिल सकता है। इसके लिए माध्यमिक स्कूलों में बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। बाद में सर्वश्रेष्ठ बालक-बालिका की दो टीमों का चयन कर उसकी सूचना उप्र माध्यमिक शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक को भेजी जाएगी। इस संबंध में परियोजना निदेशक की ओर से प्रदेश के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र जारी किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि केंद्र सरकार की ओर से स्कूल बैंड प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इसके मुताबिक पहले प्रतियोगिता जोन स्तर पर और फिर राज्य स्तर पर आयोजित होगी। राज्य परियोजना निदेशक उदयभानु त्रिपाठी ने कहा है कि स्कूल बैंड प्रतियोगिता विद्यार्थियों के मध्य एकता, गौरव और अपनेपन की भावना के विकास के साथ ही देशभक्ति व साहस की भावना भरने में सहायक है। प्रतियोगिता यह भावना सभी विद्यालयों में विकसित कराए जाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के दो सर्वश्रेष्ठ बालक- बालिका जोन स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक जोन से दो टीमें राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। डीआईओएस को निर्देश दिए गए हैं कि अपनी टीमों की प्रविष्टियां 15 नवंबर तक राज्य परियोजना कार्यालय को भिजवा दें।