बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज को पहली बार एमसीआई की ओर से इस वर्ष एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई के लिए सौ सीट के लिए हरी झंडी मिली है। इसके बाद में यहां पर सौ एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने एडमिशन भी ले लिया है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन सभी छात्र-छात्राओं से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए बातचीत करेंगे। इस दौरान उन्हें आगे बढ़ने के सुझाव देंगे। हालांकि इसकी तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से वार्ता करेंगे। इसके लिए शासन से कॉलेज प्रबंधन के लिए पत्र मिल चुका है। हालांकि पत्र में इस बात का उल्लेख नहीं किया गया है कि मुख्यमंत्री की ओर से छात्र-छात्राओं से कब वार्ता की जाएगी। कॉलेज प्रशासन की मानें तो अभी तारीख तय नहीं हुई है। जैसे ही तारीख तय हो जाएगी, उसके बारे में शासन की ओर से सूचना दी जाएगी। उसके बाद इसके बारे में सभी को छात्र-छात्राओं को जानकारी दे दी जाएगी। इस संबंध में कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि शासन से पत्र आया है। इसमें बताया है कि मुख्यमंत्री छात्र-छात्राओं वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से वार्ता करेंगे। कॉलेज प्रबंधन की ओर से एमबीबीएस के सभी छात्र-छात्राओं को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है। उन्हें तैयारी भी कराई जा रही है।