बदायूं। दातागंज तहसील के मूसाझाग थाना क्षेत्र स्थित सैजनी गांव में बने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट का संचालन दोबारा शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को कंपनी के कार्यकारी निदेशक (ईडी) ने दिल्ली से जिलाधिकारी अवनीश राय से फोन पर बातचीत कर प्लांट संचालन की स्थिति पर चर्चा की। प्रशासन की ओर से संकेत दिए गए हैं कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद करीब एक सप्ताह के भीतर प्लांट को पुनः चालू कराया जा सकता है।
बता दें कि 12 मार्च को प्लांट परिसर में हुई सनसनीखेज घटना के बाद से प्लांट का संचालन पूरी तरह ठप पड़ा है। इस घटना में कंपनी के दो अधिकारियों की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद प्रशासन और कंपनी दोनों ही स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी गई थी। घटना के बाद से प्लांट में कामकाज बंद है और कर्मचारियों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
50 एकड़ में बना है प्लांट
सैजनी गांव में स्थापित यह प्लांट हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड का पुआल और गोबर आधारित कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र है। लगभग 133 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह परियोजना करीब 50 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है। इसका उद्घाटन 27 जनवरी 2024 को किया गया था। इस अत्याधुनिक संयंत्र की क्षमता प्रतिदिन लगभग 14 मीट्रिक टन सीबीजी गैस और करीब 65 मीट्रिक टन ठोस जैविक खाद के उत्पादन की है। प्लांट का मुख्य उद्देश्य किसानों की पराली की समस्या का समाधान करना, पर्यावरण प्रदूषण को कम करना और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
जल्द शुरू होगा प्लांट का संचालन
कंपनी के ईडी ने प्लांट संचालन को लेकर फोन पर वार्ता की है। जल्द ही कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन की बैठक होगी। एक सप्ताह के अंतराल में प्लांट संचालन शुरू करवाने का प्रयास किया जा रहा है। - अवनीश राय, डीएम