बदायूं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिषदीय विद्यालयों की तर्ज पर जिले के 22 राजकीय विद्यालयों में भी इको क्लब का गठन होगा। इसके जरिये विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित की जाएगी। राज्य परियोजना निदेशक की ओर से जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला परियोजना अधिकारी को पत्र भेजा गया है।
विद्यालयों में लगाई गई वनस्पतियों की पहचान क्यूआर कोड के माध्यम से कराई जाएगी। विद्यालय परिसर में वनस्पति उपलब्ध न होने पर निकटतम पार्क या बगीचे का प्रयोग किया जाएगा। इको क्लब के गठन के लिए विद्यालयों को 15 हजार रुपये तक देने का प्रावधान भी किया गया है। क्लब की गतिविधियों को मिशन लाइफ पोर्टल htpl//eco-club.education.gov पर अपलोड भी किया जाएगा।
डीआईओएस प्रवेश कुमार ने बताया कि विद्यालयों में इको क्लब के गठन के लिए निर्देश दिए गए हैं। कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण और उसके स्थायी विकास के लिए छात्र-छात्राओं को एक क्लब के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। बच्चों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करने के साथ, स्वच्छता अभियान, प्राकृतिक संरक्षण और बागवानी से जोड़ा जाएगा।
इससे बच्चों को एक दूसरे का सहयोग करने और अधिक से अधिक सीखने का मौका मिलेगा। बताया कि इको क्लब से स्कूल का माहौल भी हरा-भरा रहेगा। इसके अलावा स्कूलों में फ्लैक्स लगाकर इको क्लब की जिम्मेदारी संभालने वाले छात्र-छात्राओं के नाम भी अंकित किए जाएंगे। वहीं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रैली भी निकाली जाएगी।