बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र के गांव नगरिया चिकन में बुधवार की रात पारिवारिक कलह में एक 27 वर्षीय ई-रिक्शा चालक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गांव नगरिया चिकन निवासी पंकज (27) म्याऊं-गौतरा मार्ग पर ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार वह शराब का आदी था, जिससे पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर उसकी पत्नी नीलम अपने मायके गांव देवड़ा थाना परौर (शाहजहांपुर) चली गई।
खुद ही पत्नी को बस में छोड़ा
बताते हैं कि पंकज स्वयं पत्नी को बस में बैठाकर लौटा था। इसके कुछ देर बाद उसने घर पहुंचकर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बेटों को छोड़ गया, जिनमें एक की उम्र करीब तीन वर्ष और दूसरे की डेढ़ वर्ष है।
वहीं, क्षेत्राधिकारी दातागंज अशेष नाथ सिंह ने बताया कि विषाक्त पदार्थ के सेवन से युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।