उसहैत। हत्या के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस ने आलाकत्ल लोहे की रॉड बरामद की है। वांछित तीन अभियुक्तों की तलाश में पुलिस जुटी है।
थानाक्षेत्र के गांव चिरानी निवासी दुर्वेश की 27 अप्रैल को गांव के ही मुन्ने से कहासुनी हो गई थी। इसी बात पर 28 अप्रैल को मुन्ने ने अपने तीन बेटों के साथ सोते समय दुर्वेश पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर में लोहे की रॉड लगने से दुर्वेश गंभीर घायल हो गया था। परिवार के लोग उसको निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान छठे दिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुन्ने व उसके बेटे शिवम, सोहित व एक नाबालिग के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार थे। पुलिस ने हत्यारोपी मुन्ने को बृहस्पतिवार को कस्बा उसहैत से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर लोहे की रॉड बरामद कर आरोपी को जेल भेजा है। वहीं, तीनों आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। संवाद