उझानी की पंजाबी कालोनी में उझानी की पंजाबी कालोनी में नए नलकूप के ट्रॉयल के दौरान आसपास के घरों
उझानी। पंजाबी कॉलोनी में ओवरहेड टैंक के पास एक नलकूप के बोरिंग का दो दिन से चल रहा ट्रॉयल आसपास के लोगों की परेशानी की वजह बन गया है। सड़कों पर पानी बहने के बाद घरों में घुस गया। घरेलू सामान भी चपेट में आ गया। लापरवाही का आरोप लगाते हुए लोगों की मजदूरों से नोकझोंक भी हुई।
नए नलकूप के बोरिंग का बृहस्पतिवार दोपहर बाद फिर से ट्रॉयल शुरू हुआ। परिसर में गंदा पानी भरने के बाद कुछ ही देर में आसपास सड़कों पर बहने लग गया। पड़ोस के चार-पांच घरों में भी पानी पहुंच गया। क्षेत्र के ओम भापा ने बताया कि मैकेनिक समेत मजदूरों से नालियों की बालू निकालकर पानी का बहाव नाले की ओर कराने को कहा गया तो वह नोकझोंक करने लगे। वीरेंद्र सपरा के परिजनों को भी मकान के प्रथम तल पर पानी भर जाने से दिक्कत हुई।
कॉलोनी वालों का कहना है कि ट्रॉयल के दौरान मजदूर अगर सड़क की ओर अवरोधक लगा दें तो सड़क और घरों में पानी बहने से रोका जा सकता है। इसके विपरीत मौके पर मौजूद मैकेनिक ने बताया कि पानी रोकने का इंतजाम करने की जिम्मेदारी पालिका कर्मियों की है। ट्रॉयल अभी एक- दो दिन और चलेगा।